अग्रवाल धर्मशाला निवासी गुरदयाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। आरोपियों ने उसे बैंकॉक और मलेशिया भेज दिया, जहां उसे भूखा-प्यासा रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उससे 32 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए हैं और रकम वापस देने से इनकार कर रहे हैं।
राजौंद निवासी मंजीत ने बताया कि वह इंग्लैंड जाना चाहता था। आरोपियों ने उसे नकली वीजा थमा दिया, जिसके चलते एयरपोर्ट से ही उसे वापस लौटना पड़ा। आरोपियों ने उससे 40 लाख रुपये लिए थे। रुपये वापस मांगने पर आरोपी फोन बंद कर लेते हैं। मंजीत ने बताया कि उसने डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर यह रकम दी थी।
सीवन क्षेत्र के एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वह कनाडा जाना चाहता था। एजेंट ने उससे 14 लाख 50 हजार रुपये लेकर नकली वीजा थमा दिया। कुछ दिन पहले उसने पुलिस को शिकायत दी है। उसने बताया कि मां के गहने बेचकर यह रकम जुटाई गई थी।
विदेश भेजने के नाम पर किसी भी एजेंट या व्यक्ति को पैसे देने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। यदि कोई संदिग्ध मामला सामने आता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। किसी के बहकावे में आकर रुपये न दें। -वीरभान, डीएसपी, कैथल।