पटियाला रोड पर देर शाम हुए हादसे में दो साल की एक बच्ची व उसके पिता की मौत हो गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए पटियाला ले जाया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार डेरा भावलपुर निवासी कांति राम पुत्र जग्गी राम अपनी दो वर्षीय बेटी और भाभी लक्ष्मी के साथ बाइक पर चीका से घर की तरफ लौट रहा था। सदरहेरी वाले पेट्रोल पंप के सामने पटियाला की तरफ से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गई। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के पीछे बैठी महिला व बच्ची काफी ऊंचा उछलकर दूर जा गिरे। मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई जबकि उसके पिता कांति राम उपचार के लिए पटियाला जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। चीका पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसके ड्राइवर सोनू निवासी रोहतक को गिरफ्तार कर लिया है। सोनू अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करके लौट रहा था कि यह दुर्घटना हो गई।