चिकित्सक का तबादला करवाने के नाम पर 20 हजार की धोखाधड़ी
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कैथल। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ चिकित्सक का तबादला करवाने के नाम पर केस दर्ज किया है। कैथल सिविल अस्पताल में मेडिकल अफसर डा. आशीष गोयल ने बताया कि जून 2016 में अफसर सिंह उसके पास एक मरीज को लेकर आया था। उस दौरान अफसर सिंह ने कहा कि वे एक संस्था चलाते हैं। जो गरीब लड़कियों की शादी करती है। उससे भी सहयोग के लिए 5100 रुपये की पर्ची काट दी और कहा कि कोई काम हो तो वह करवा सकता हैं। उसने अफसर सिंह को अपनी ट्रांसफर करवाने के लिए कहा तो उसने पूरी डिटेल ले ली और कहा कि चंडीगढ़ आने-जाने में कुछ खर्चा लगेगा, इसलिए उससे आरोपी ने 20 हजार रुपये ले लिए। यह पैसे उसने अपने मौसा के अकाउंट से अफसर सिंह के अकाउंट में डलवा दिए। लेकिन आरोपी न तो उसका ट्रांसफर करवाया और न ही पैसे वापस लौटाए। जब उसने आरोपी से बार-बार पैसे मांगे तो उसने मुझे जान से मारने व नौकरी से हटवाने की धमकी दी है।
एएसआई राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।