सीवन में मीटर शिफ्टिंग करने गई टीम को पीटा
एक कर्मचारी घायल, सीवन के सामान्य अस्पताल में करवाया इलाज
बिजली विभाग के एसडीओ की शिकायत पर करीब 10 के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सीवन में मीटर शिफ्टिंग करने के लिए बिजली विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने लाठी, डंडों से हमला कर दिया। जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों ने मौके से भागकर जान बचाई। सीवन पुलिस ने एसडीओ रविंद्र मित्तल की शिकायत पर करीब दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि 8 जनवरी को एएलएम नरेश चंद की अगुवाई में ठेकेदार लेबर के साथ सोसाइटी बैंक के नजदीक ट्रांसफार्मर पर मीटर शिफ्टिंग का काम करने के लिए गए थे। जब कर्मचारी काम शुरू कर रहे थे तो बाल्मीकि बस्ती से साबू राम, सात-आठ लड़के व औरतों ने काम रोकने के लिए बिजली कर्मचारियों पर लाठी व डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें आरोपियों ने अनिल पुत्र मेवाराम निवासी पट्टी अफगान को गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसकी कमीज तक फाड़ दी। मौके से कर्मचारियों ने भाग कर जान बचाई। कर्मचारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने के बाद कर्मचारी घायल अनिल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। एसडीओ ने बताया कि हमला करने वाले आरोपियों को कर्मचारी सामने आने पर पहचान सकते हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने ऐसा करके सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का काम किया है।
सीवन थाने के एएसआई रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने बिजली विभाग के एसडीओ रविन्द्र मित्तल की शिकायत पर सीवन निवासी साबू राम व आठ अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।