दबंगों ने खोखे में तोड़फोड़ कर सामान फेंका, दी जान से मारने की धमकी
कैथल। मंगलवार रात छात्रावास रोड पर केनरा बैंक के पास शरारती तत्वों ने एक खोखे को तोड़कर सामान को इधर-उधर फेंक दिया। खोखे में दुकान चला रहा व्यक्ति रूप लाल को इस घटना की सूचना मिली तो वह रात को ही पुलिस स्टेशन पहुंचा। पुलिस मौके पर भी पहुंची लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद पीड़ित बुधवार दोपहर को मार्केट के कुछ दुकानदारों के साथ पुलिस कप्तान सुमेर प्रताप से मिला और दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने एसपी को दी शिकायत में कहा है कि वह ग्यारह रुद्री मंदिर की जमीन पर खोखा बनाकर बैठा है। करीब तीस सालों से वह खोखे में जुराबे, कैलेंडर बेचकर अपने परिवार का गुजारा कर रहा है। लेकिन मंगलवार रात रेलवे गेट वाल्मीकि बस्ती के 10-12 दबंग युवकों ने उसके खोखे को तोड़ दिया। खोखे में रखे सामान को तहस नहस कर दिया। कुछ सामान वे अपने साथ भी ले गए। आरोप है कि दबंग युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वह इस खोखे को नहीं चलने देंगे। इसलिए वह स्वयं को इसे छोड़कर चला जाए। आसपास के दुकानदार सतीश कुमार, गोपाल दास, अशोक कुमार, बीरेन्द्र, किशन लाल, संजय, बलदेव, जगदीश चंद, बीरेन्द्र का कहना था कि रूप लाल बेहद गरीब व्यक्ति है और वह इस खोखे से परिवार का गुजारा कर रहा है। एसपी ने भरोसा दिलवाया है कि उन्हें न्याय दिलवाया जाएगा।