रात को अनाज मंडी से धान की 16 बोरी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। विस्तार नई अनाज मंडी ढांड में रात को चोर बासमती धान की 16 बोरी चुराकर ले गए। चोरी की सूचना ढांड पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मेसर्स ब्रह्मदत्त भाग सिंह फर्म के मालिक भाग सिंह ने बताया कि सोमवार को रात के समय अनाज मंडी स्थित अपनी आढ़त की दुकान से किसान की धान बिकने के पश्चात 77 बोरी बासमती धान की तुलाई करने के बाद चले गए। सुबह जब दुकान पर आए तो 77 बोरी थोक में से 16 बोरी धान की लापता मिली। जिनको अज्ञात चोरो द्वारा चुराया गया है। चोरी की गई धान की कीमत लगभग 35000 रुपये बनती है। मंडी में धान की चोरी की घटना के बाद से आढ़तियों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। थाना प्रभारी मुनीष कुमार ने बताया कि मेसर्स ब्रह्मदत्त भाग सिंह फर्म के मालिक भाग सिंह द्वारा 16 बोरी बासमती धान की चोरी की लिखित में शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। रात के समय पुलिस पहले से ही मंडी सहित पूरे इलाके में गश्त करती है।