चाकू से गोद कर युवक की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। आदर्श गांव बालू में आपसी रंजिश के चलते तीन युवकों ने एक युवक को चाकुओं से गोद दिया। हमले में घायल युवक ने नागरिक अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्यारोपी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
कलायत पुलिस में दी शिकायत में मृतक के भाई सत्यवान ने आरोप लगाया कि रविवार रात करीब 10 बजे वह अपने भाई सुभाष के साथ अपनी पिकअप वैन से घर जा रहा थे। गांव बालू की अनाज मंडी के पास तारा चंद रोड की दुकान के पास मोटर साइकिल पर सवार तीन युवकों ने अपनी बाइक पिकअप के आगे अड़ा दी। गाड़ी को रोके जाने का कारण जानने के लिए सुभाष नीचे उतरा तो बिढैण पट्टी के ही सुनील कुमार ने उस पर चाकू से वार करने शुरू कर दिए। दो युवकों ने सुभाष को पकड़ लिया व हत्यारे ने उस पर लगातार तीन वार किए, जिससे सुभाष संभल ही नहीं पाया। जब तक उसे मामला समझ में आया तब तक वे तीनों वहां से भाग चुके थे। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी तथा घायल हुए सुभाष को कैथल के सरकारी अस्पताल में ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।
टार्च न देने पर बुझा दी सुभाष के जीवन की रोशनी : सत्यवान ने बताया कि हत्यारा सुनील उनके खेत का पड़ोसी है। जुलाई माह में जिस समय खेत में धान की रोपाई हो रही थी तो उस समय हत्यारे सुनील ने सुभाष से टार्च मांगी। सुभाष ने अपने खेत में टार्च की जरूरत की बात कहते हुए टार्च देने से मना कर दिया। उस दिन भी सुनील न उसके भाई को बहुत भला बुरा कहा व देख लेने की धमकी भी दी। उन्हें नहीं पता था कि इतनी छोटी सी बात सुभाष के जीवन की रोशनी को ही बुझा देगी।
थाना प्रभारी ललित मोहन ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सुनील व उसके साथियों के खिलाफ धारा 302, 341 व 32 आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथियों की तलाश जारी है।