लिंग जांच का झांसा देकर 28 हजार ठगने 3 आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। राज्यस्तर पर लिंग जांच रोकने के लिए गठित टीम ने शक्ति नगर में एक प्राइवेट अस्पताल में काम कर चुकी एएनएम को एक महिला की लिंग जांच का ढोंग करने के बाद 28 हजार रुपये वसूलने के आरोप में काबू किया है। साथ ही उसके पास से गर्भपात का सामान बरामद किया है। यह महिला बच्चों की धड़कन जांचने वाले उपकरण डॉप्लर के माध्यम से लोगों को झांसा देकर प्रति केस 28 हजार रुपये वसूलती थी। इस काम में दो दलाल उसका साथ देते थे। राज्यस्तर पर गठित टीम में गुड़गांव के अधिकारियों के साथ कैथल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सीआईए गुड़गांव व कैथल थाना शहर से कर्मचारी छापेमार दल में शामिल रहे। तीनों के खिलाफ जांच चल रही है।
छापेमार दल में शामिल गुड़गांव डिप्टी सीएमओ सरयू शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि यहां शक्ति नगर में एक महिला लिंग जांच करती है। इसके लिए महिला पुलिस कर्मचारी को ग्राहक बनाया गया। इसे लेने के लिए शुक्रवार को सुबह हनुमान वाटिका में दलाल परीक्षित आया। वह उससे 28 हजार रुपये लेकर सीधा शक्ति नगर पहुंचा। योजना के तहत एक पुलिस कर्मचारी ने दोनों का पीछा किया। इसके बाद शक्ति नगर में रह रही किरण नाम की महिला ने घर में ही डॉप्लर के माध्यम से जांच करके लड़की बता दी। इसके बाद वे वापस आ गए। बाद में पुलिस कर्मचारी द्वारा बताए गए पते अनुसार घर में रेड की गई। वहां से किरण से पूछताछ के बाद दलाल परीक्षित व विजय को भी काबू किया गया। मौके से डॉप्लर के अलावा गर्भपात का सामान, गोलियां व दवाएं बरामद की गईं। साथ ही टीम ने उसे दी गई राशि भी बरामद कर ली।
टीम में शामिल गुड़गांव से रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर ने बताया कि महिला महज डॉप्लर के माध्यम से लोगों को झांसा दे रही थी। यह केवल बच्चे की धड़कन बताने का उपकरण है जो बाजार से 1000 से 1500 रुपये में मिल जाता है। इस तरह से यह लोगों के साथ धोखा कर रही थी। परीक्षित दलाल के तौर पर ग्राहकों को फंसा कर लाता था। परीक्षित व किरण अंबाला रोड पर स्थित कंसल अस्पताल में काम कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि किरण के घर पहले भी रेड पड़ी थी। उस केस में वह बरी हो चुकी है।
टीम में गुड़गांव से स्वास्थ्य विभाग से कर्मचारी संदीप कुमार के अलावा स्थानीय स्तर पर डिप्टी सीएमओ नीलम कक्कड़, राजेश कुमार, डीपीएम नरेंद्र कुमार, एसआई बलवान के अलावा गुड़गांव से सीआईए टीम में एएसआई संजय, परमवीर, जोगेंद्र शामिल रहे।
चौथा आरोपी 20 लेकर फरार
टीम को चौथे आरोपी का भी पता चला है। डीपीएम नरेंद्र कुमार ने बताया कि संदीप नामक यह व्यक्ति ग्राहक द्वारा दी गई 28 हजार रुपये की राशि में से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया है। टीम ने 8 हजार रुपये बरामद किए हैं। एसएचओ सिविल लाइन जसवंत सिंह ने बताया कि टीम ने अभी सूचना दी है, मामले में केस दर्ज किया जा रहा है।