ग्रामीणों ने सरकारी कार्यालय में महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। गांव बात्ता के एक सरकारी कार्यालय में कर्मचारी को रंगरलियां मनाते हुए ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने देखा कि वाटर सप्लाई प्लांट में कुछ कर्मचारी एक महिला सहित अंदर घुसे। संदेह पर सारे मामले की सूचना गांव में दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों से खुद को घिरा देखकर दो कर्मचारी तो खिड़की के रास्ते से कूद कर भागने में सफल हो गए। बचे एक कर्मचारी व महिला को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी गई। पकड़ा गया कर्मचारी खुद को पाक साफ व निर्दोष बताता रहा लेकिन कमरे के अंदर शराब की बोतलें व रंगरलियों में प्रयोग हुआ सामान खुद सारी स्थिति बयां कर रहा था। कई घंटे तक चले विवाद में ग्रामीणों ने कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ आई महिला पुलिस ने पकड़ी गई महिला व कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों की कैथल में काउंसिलिंग की जा रही है।
कलायत थाना एसएचओ ललित मोहन ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद एसडीएम के सामने बयान हुए हैं।