चोरों ने बड़ी ही चालाकी से दिया चोरी को अंजाम
फोटो नंबर-11
कमल बहल
कैथल। पुलिस के लिए शहर में लगातार बढ़ रही चोरी सिरदर्द बनती जा रही है। दुकानदारों ने फरवरी माह तक हुई चोरी की वारदात में पुलिस के खाली हाथ पर सवाल उठाया और एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार की सुबह जिस तरह से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे स्पष्ट है कि चोर शहर में पहले पूरी तरह से रेकी करते हैं और पूरी तैयारी के बाद वारदात को अंजाम देते हैं। शहर में मुख्य मार्ग पर एक सप्ताह में दूसरी बड़ी वारदात होना भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर कहीं न कहीं सवालिया निशान खड़े करता है। एक सप्ताह पहले भगत सिंह चौक पर स्थित बाजार में करीब दस दुकानों में हुई चोरी के बाद पुलिस ने रात के समय गश्त को बढ़ाते हुए ऑन फुट पेट्रोलिंग भी शुरू की थी। लेकिन जब पुलिस ने रात के समय गश्त को बढ़ाया तो पुलिस को चकमा देकर चोरों ने सुबह के समय मोबाइल की दुकान को निशाना बनाकर 60 मिनटों के अंदर 25 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया।
चोरों ने की चालाकी : मंगलवार को अंबाला रोड पर मोबाइल की दुकान में चोरों द्वारा चालाकी से की गई चोरी पुलिस को भी चकमा दे गई। यहां पर चोरों ने न तो दुकान का कोई ताला तोड़ा और न ही सुबह के समय यहां से गुजरने वाले राहगीरों को यहां किसे के दुकान में घुसने का कोई अंदेशा होने दिया। चोर बड़े आराम से आए और चादर की आड़ में दुकान में घुसे। जिस प्रकार से चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया उससे साफ जाहिर है कि चोर दुकान के अंदर की स्थिति से पूरी तरह परिचित थे।