संतों ने एक व्यक्ति को ठगा, 80 हजार लेकर फरार
तितरम मोड़ पर दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। तितरम मोड़ पर एक व्यक्ति से तीन संतों ने झांसा देकर 80 हजार रुपये ठग लिए और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कसान निवासी बलवान ने बताया कि वह किसी काम से कैथल के लिए आ रहा था कि तितरम मोड पर एक कार में सवार तीन संतों ने उससे चंडीगढ़ का रास्ता पूछा। उसने उन्हें रास्ता बता दिया। इसी बीच एक संत ने कहा कि उसके चेहरे से दिख रहा है कि उसके पास मोह माया आने वाली है। जिस पर वह उनकी बातों में आ गया। पहले बाबा ने पांच रुपये मांगे, तो उसने कहा कि पांच तो नहीं दस रुपये हैं। इसके बाद उसने बाबा को दस रुपये दिए तो बाबा ने फूंक मार कर दस रुपये गायब कर दिए। बाबा इसके बाद बोला कि आपके पास तो ओर भी रुपये हैं। जिस पर उसने कहा कि हां हैं तो उसके अस्सी हजार रुपये फूंक मार कर गायब कर दिए और तीनों बाबा कार में सवार होकर फरार हो गए। उसने बाद मेें अपने साथ हुई ठग्गी का एहसास हुआ तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ रामकुमार ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है।