चोरी के मामलों में रिमांड पर चल रहे आरोपी से आभूषण बरामद
कैथल। घर में घुसकर चोरी के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी से पुलिस ने पूछताछ के दौरान चोरीशुदा सोना जेवरात बरामद किए हैं। तीनों आरोपी 1 मार्च को न्यायालय के आदेशानुसार 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए। एसपी ने बताया किं मंडी टाउनशिप पूंडरी निवासी भगवान दास दिनांक 18 जनवरी को अपने मकान पर ताला लगाकर किसी कार्य से चंडीगढ़ चला गया, जहां से अगले दिन वह दिल्ली जाने उपरांत वह 20 जनवरी को वापिस पूंडरी लौटा तो इस मध्य अज्ञात व्यक्ति मकान का ताला तोड़कर काफी जेवरात व नकदी चुरा ले गए। चौकी पूंडरी प्रभारी सब इंस्पेक्टर दलबीर सिंह की अगुवाई में मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सतबीर सिंह द्वारा करते हुए अभियोग को सुलझा कर 26 फरवरी की शाम पूंडरी से आरोपी राजबीर उर्फ राजु, हैप्पी उर्फ बाबा व अमित सभी निवासी पूंडरी गिरफ्तार कर लिए गए, जिनका न्यायालय से 1 मार्च तक 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। एएसआई सतबीर सिंह की टीम द्वारा आरोपियों के कुल 5 लेडिज सोना अंगूठी, 2 सोना कड़े, एक जोड़ी सोना टॉप्स व 19 चांदी के सिक्के बरामद कर लिए गए है। तीनों आरोपी शुक्रवार को न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।