तीन बाइकों की भिड़ंत में चार युवक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। मटौर रोड बाईपास अंडरब्रिज के पास तीन बाइकों की भिड़ंत में चार युवक बुरी तरह से घायल हो गए। अंडरब्रिज के पास ही दो बाइकों की आमने सामने से टक्कर हो गई। जिसमें चार युवक घायल हो गए। उसी समय पर एक अन्य मोटर साइकिल सवार कलायत की ओर से आया जिसने पहले से ही भिड़े दो मोटरसाइकिलों को आकर टक्कर मार दी। तीसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से कलायत के सरकारी अस्पताल में लाया गया। बीरबांगडा के एक युवक को कैथल रेफर कर दिया। वहीं गांव बडसीकरी के तीनों युवकों गुरदीप, पवन व अमित का कलायत के सरकारी अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। गुरदीप ने बताया कि उन्हें कुछ नहीं पता कि दुर्घटना किस तरह से हुई वे तो अपनी बाइक पर सवार होकर कलायत आ रहे थे। अचानक अंडरब्रिज के नीचे सामने से आ रहे बाइक से जा भिड़े। उनको अस्पताल में किस ने पहुंचाया यह भी नहीं पता। चिकित्सक डॉ. कुलदीप ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है।