आईटीआई से राजौंद के छात्र का अपहरण
पुलिस को युवक की बाइक व बैग नहर से आगे हुआ बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
राजौंद। आईटीआई के छात्र के अपहरण में पुलिस ने छात्र के भाई के बयान पर अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
छात्र के भाई फफड़ाना निवासी भूपेंद्र ने बताया कि उसका भाई वीरेंद्र राजौंद के एक आईटीआई में पढ़ता है। सोमवार को वह अपनी बाइक से आईटीआई आया था। जब वह शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आईटीआई से संपर्क किया तो पता चला कि वह आईटीआई से दोपहर को ही जा चुका है। बाद में पुलिस ने परिजनों को उसकी बाइक व बैग असंध रोड पर नहर से आगे मिलने की सूचना दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाइक सही सलामत थी जिससे लगता है कि कोई एक्सीडेंट जैसी घटना नहीं घटी है। भूपेंद्र ने बताया कि उसके भाई का अपहरण किया गया है।
इस बारे में श्रीराम आईटीआई के प्रबंधक रमेश राणा ने बताया कि वह छात्र सोमवार को कुछ दिन बाद आया था और दोपहर को 12 बजे छुट्टी लेकर चला गया।
इस बारे में थाना प्रभारी रामकिशन ने बताया कि सोमवार को उन्हें सूचना मिली थी कि असंध रोड पर नहर से थोड़ा आगे एक मोटरसाइकिल व बैग पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उसके बैग में मिली बुक से मिले नंबर पर फोन कर परिजनों को सूचना दी। अगले दिन पुलिस ने आईटीआई जाकर अन्य विद्यार्थियों व अध्यापकों से पता किया तो पता चला कि यह छात्र 12 बजे के करीब छुट्टी लेकर चला गया था। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है जल्दी ही इसका पता चल जाएगा।