पंचायती घर से पंचायती ट्रैक्टर की बैटरी चोरी
सीवन। शुक्रवार रात को चोर एक ही रात में पंचायत घर से पंचायत के ट्रेक्टर की बैटरी और धोला दरवाजा बस्ती में एक मकान से चार गैस सिलेंडर चुरा कर ले गए। सरपंच प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह खारा ने बताया कि थाना सीवन पंचायत घर में बना हुआ है और पुलिस कर्मचारी पंचायत के बने कमरों को ही क्वाटर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा थाना सीवन के अंतर्गत आने वाले इलाके से जो भी वाहन सड़क दुर्घटना ग्रस्त है या चोरी किए हुए वाहन जो बरामद किए हुए है वह सभी वाहन पंचायत घर में ही खड़े होते है। जिसे देख पंचायत भी सुरक्षा की दृष्टि से अपने पंचायती ट्रैक्टर को पंचायत घर में खड़ा करते थे। शुक्रवार को भी पंचायत के ट्रेक्टर का ड्राइवर हमेशा की तरह अपना काम निपटाकर ट्रेक्टर को पंचायत घर में खड़ा करके अपने घर चला गया। सुबह देखा तो उसकी बैटरी चोरी हो चुकी थी। चोर धोला दरवाजा बस्ती में रणबीर सिंह के मकान से चार गैस सिलेण्डर चुराकर ले गए। दोनों ही वारदातों की सूचना थाना सीवन में की गर्ई है।