एक महिला ने बड़े नुकसान से बचा लिया शहर
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। रिहायशी कालोनी नंबर 2 यानी आर-टू की एक महिला अगर समझदारी न दिखाती तो शायद चीका शहर में नुकसान का आंकड़ा बहुत बड़ा हो सकता था। पुलिस रिमांड पर चल रहे डेरा प्रेमियों ने खुलासा किया है कि उनकी योजना शहर को फूंक देने की थी। डेरा प्रेमियों ने साजिश की पीछे कुछ बड़े अनुयायियों के भी नाम लिए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
डेेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ 25 को आए सीबीआई कोर्ट के फैसले के बाद पंचकूला व अन्य शहरों में मचे उपद्रव की खबरें टीवी चैनलों पर चलने लगी थी। उसी दौरान आर-टू में रहने वाली एक महिला ने अपने घर से थोड़ी दूर बने पार्क में कुछ संदिग्ध युवकों को देखा। युवक हाथों में लाठियां, गंड़ासी जैसे तेज-धार हथियार थे। महिला ने अपने पति को फोन पर इस बारे में बताया। घर से फोन आने पर पति ने एसडीएम गुहला सुरेंद्र पाल को सूचना दी। शहीद ऊधम सिंह चौक पर डीएसपी सुलतान सिंह के साथ खड़े एसडीएम सुरेंद्र पाल तुरंत फोर्स लेकर आर-टू वाले पार्क में पहुंचे। लेकिन तब तक उपद्रवी दो पेट्रोल पंपों पर आगजनी और तोड़फोड़ करते हुए 440 केवी बिजली घर की तरफ बढ़ चुके थे। पुलिस ने बिजली घर के आसपास के इलाके से 8 युवकों को हथियारों तथा पेट्रोल भरी बोतलों के साथ गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तार लोगों की संख्या हुई 12 : गांव सुल्तानियां के पेट्रोल पंप पर आगजनी व तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने गांव कसौर निवासी लखविंद्र, बलकार, मदन व जसबीर को गिरफ्तार किया है। इस तरह तोड़फोड़ की कार्रवाइयों को अंजाम देने के आरोप में पकड़े गए लोगों की संख्या 12 हो गई है। डीएसपी गुहला सुलतान सिंह ने बताया कि परसों पकड़े गए 8 युवकों ने पुलिस रिमांड के दौरान एक दर्जनभर से अधि से अधिक लोगों के नामों का खुलासा किया है जिन्होंने शहर में तबाही की सारी योजना का नियोजन किया था।