नशीला पदार्थ पिला कर महिला से 11 हजार 200 रुपये व कानों की बाली चुराई
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कैथल। एक महिला से नशीला पदार्थ पिलाकर 11 हजार 200 रुपये नकदी व कानों की बाली चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सन्याना (हिसार) निवासी कमला देवी ने बताया कि उसके स्व. पति कैथल रेलवे में नौकरी करते थे। उनकी मौत के बाद वह कैथल एसबीआई बैंक से पेंशन लेने आती है। 9 अक्टूबर को वह पेंशन लेने के लिए बैंक में आई थी। जहां एक महिला ने उसे बातों में उलझा लिया और वहां से उसे एक बाबा के पास ले जाने के बहाने श्री ग्यारह रुद्री मंदिर की ओर ले गई। यहां उसने कोई नशीला पदार्थ पिलाया और उसके 11 हजार 200 रुपये सहित कानों की बाली चोरी कर ली। लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां होश आने पर उसने परिजनों को और बाद में पुलिस को शिकायत दी।
थाना शहर प्रभारी सिटी एसएचओ मनदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।