नशीला पदार्थ सूंघाकर बदला एटीएम, 60 हजार रुपये निकाले
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एक व्यक्ति की शिकायत पर एटीएम बदलकर 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। रसूलपुर गांव निवासी सुखदेव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 13 फरवरी को वह पिहोवा चौक स्थित एक बैंक के एटीएम से पैसे निकाल रहा था। कुछ देर वह वहां खड़ा रहा, लेकिन पैसे नहीं निकले। एक अनजान युवक ने सिर के ऊपर से हाथ डालते हुए बताया कि एटीएम कार्ड ऐसे डालना है। इसी बीच आरोपी ने कुछ नशीला पदार्थ सूंघा दिया। जिस कारण थोड़ी देर बार वह बेसुध सा हो गया। एटीएम से वह बाहर आया। पैदल चलता हुआ विश्वकर्मा चौक से वाहन में सवार होकर गांव पहुंच गया। घर जाते ही मोबाइल पर आए एसएमएस को बेटी ने देखा तो होश उड़ गए। अज्ञात युवकों ने बैंक खाते से पहले 38 हजार, फिर दो हजार व तीसरी बार में 20 हजार रुपये निकाले। बैंक आकर खाता बंद करवाया गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।