रुपयों से भरा बैग चोरी
कैथल। चोर ने पूंडरी के रजनी रॉयल पैलेस में आयोजित हुई एक मांग भराई रस्म समारोह में लड़के के पिता का 67 हजार रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया। सर्राफा बाजार कैथल निवासी धर्मपाल वर्मा पुत्र रौणकी राम वर्मा ने बताया कि गत 29 सितंबर को उसके बेटे डिंपल वर्मा की मंगेतर ममता पुत्री मोहन लाल वर्मा निवासी फतेहपुर की मांग भराई रस्म समारोह रजनी रॉयल गार्डन पैलेस पूंडरी में आयोजित किया गया था। जहां सभी मेहमान आए हुए थे। सांय करीब 4 बजे तब मिलनी की रस्म कर रहे थे, तो अचानक उनका बैग किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। बैग में 67 हजार रुपये व गाड़ी की चाबी थी। बहुत तलाश एवं पूछताछ करने पर भी बैग नहीं मिला। हैड कांस्टेबल दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।