लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे को चार दिन के रिमांड पर लिया
आरोपी पूंडरी में पैसे ट्रांसफर करने वाली दुकान में लूट करने में था शामिल
काबू किए गए आरोपी को मुठभेड़ के बाद पंजाब पुलिस ने किया था गिरफ्तार, प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया कैथल
फोटो संख्या-14
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पिछले माह पूंडरी में वेस्टर्न मनी शॉप में नकदी, डॉलर, यूरो सहित अन्य करेंसी लूट के मामले में पंजाब पुलिस द्वारा मुठभेड़ में काबू किए गए कुख्यात गैंगस्टर को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। सीआईए-2 प्रभारी सत्यवान की अगुवाई में आरोपी को न्यायालय में पेश करके 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कई राज्यों में वारदातों को अंजाम देने की बात कुबूल की है।
पुलिस के अनुसार सीआईए-टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान की अगुवाई में सहायक उपनिरीक्षक रमेश चंद की टीम ने करीब 23 वर्षीय आरोपी अंकुर सिंह उर्फ मनी निवासी हंसुपुर थाना गढ़ मुक्तेश्वर जिला हापुड़ यूपी को पूंडरी में सुशील की दुकान से लूट व शस्त्र अधिनियम के तहत पंजाब से प्रोडक्शन वारंट पर लाया है। घटना को आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ अंजाम दिया था और पिस्तौल के बल पर 1700 यूएस डॉलर, 200 कनेडियन डॉलर और एक लाख 10 हजार रुपये इंडियन करेंसी लूटे थे। जान से मारने की धमकी देकर दुकान को बाहर से शटर गिरा बाइक से फरार हो गए थे। जाते समय आरोपी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकाल कर ले गए।
वारदात से पहले की थी रेकी : आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया है कि 17 जनवरी को वह अपने साथी नवप्रीत उर्फ लहौरिया निवासी समाना, पवन उर्फ तोतला उर्फ पहलवान निवासी नेहरा जिला सोनीपत के बुलाने पर बस से बस स्टैंड कुरुक्षेत्र पहुंचा था। कुरुक्षेत्र से पवन व एक अन्य युवक के साथ कार से पूंडरी पहुंचे। जहां सचिन उर्फ भांजा निवासी दसोदिया जिला झज्जर बाइकपर पहुंच गया। उसने बताया कि उसने वेस्टर्न यूनियन दुकान वालों की रेकी की हुई है। जहां से पैसे लूटने है। सचिन ने अंकित व नवप्रीत को एक बाइक, दो पिस्तौल व कारतूस उपलब्ध करवाए। जबकि पवन पहलवान पहले ही पिस्तौल लिए हुए था। वारदात को अंजाम देने के बाद जब सचिन उन्हें गाड़ी के पास नहीं मिला, तो उन्होंने गाड़ी का शीशा तोड़कर जरूरी सामान निकाला और फरार हो गए। रास्ते में डीवीआर एक नहर में फेंक दी। एसपी ने बताया कि पुलिस उक्त गाड़ी पहले ही कब्जे में ले चुकी है। आरोपी रात को पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के किसी गांव में अपने साथी के पास रुके और अगले दिन गुरुग्राम में अपने एक साथी के कमरे पर चले गए। बाद में आरोपी अंकुर, नवप्रीत, नवनीत, प्रशांत व दलबीर को पटियाला पंजाब पुलिस ने काबू कर लिया।
कई जगह की जा रही है छापेमारी : एसपी ने बताया कि आरोपी अंकित द्वारा कुबूला गया कि वह अपने हिस्से की छिपाई गई नकदी बरामद करने के अतिरिक्त उसे आरोपी सचिन उर्फ भांजा के ठिकानों का पता है, जहां से वह उसे काबू करवा सकता है। सीआईए-टू पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
वहीं सीआईए-2 प्रभारी सत्यवान ने बताया कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। कुख्यात बदमाश नवप्रीत लहौरिया को भी पंजाब पुलिस ने काबू किया है। उसे शीघ्र ही प्रोडक्शन वारंट पर कैथल लाया जाएगा।