तीन जिलों की पुलिस ने 15 घंटे तक किया पीछा, युवक को छोड़ भागे अपहरणकर्ता
- गांव जाखौली से प्रेम-प्रसंग के चलते युवक के अपहरण का मामला
- तीन दिन पूर्व नरवाना के निकट अपहृत युवक को छोड़ा था युवकों ने
- पुलिस ने दर्ज किया आरोपियों के खिलाफ मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। तीन दिन पूर्व गांव जाखौली से प्रेम-प्रसंग के चलते अपहृत किए गए युवक को 15 घंटों में तीन जिलों की पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए दबाव बनाया था। तब जाकर युवकों ने अपहृत युवक को नरवाना में छोड़ा था। यह खुलासा एसपी वसीम अकरम ने किया।
प्रवक्ता के माध्यम से दी जानकारी में एसपी ने बताया कि शनिवार एक दिसंबर की दोपहर करीब एक बजे बाइक व गाड़ी में सवार होकर आए कुछ व्यक्ति गांव जखौली से इसी गांव निवासी करीब 22/23 वर्षीय युवक वकील का अपहरण कर ले गए। उसके पिता ने अपहरण का कारण युवक का प्रेम-प्रसंग बताया था। जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया और सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष श्योकंद द्वारा एएसआई जितेंद्र कुमार, एएसआई बलजीत सिंह, एएसआई रमेश, हेड कांस्टेबल तरसेम, एचसी धर्मा, सिपाही मनोज व थाना तितरम पुलिस के एएसआई सुखबीर सिंह सहित अपनी टीम में साइबर सेल इंचार्ज एएसआई सतबीर सिंह व सिपाही कृष्ण कुमार को शामिल करते हुए व्यापक अनुसंधान के दौरान पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र में दबिश दी गई। इस मध्य पुलिस के आने की भनक मिलते ही आरोपी वहां से अपहृत को लेकर फरार हो चुके थे। पुलिस द्वारा सतर्क साइबर सेल की मदद से आरोपियों का जिला जींद व फतेहाबाद के गांव कर्मगढ़, कान्हाखेडा, नरवाना, जमालपुर, टोहाना जैसे स्थानों पर दबिश देते हुए आरोपी आगे-आगे व पुलिस बगैर थके लगातार उनके पीछे-पीछे लगी रही। रविवार सुबह करीब 5 बजे आरोपी व्यक्ति अपहृत युवक को गांव सौंगल में छोड़कर फरार हो गए, जिसकी युवक के रिश्तेदारों द्वारा तितरम पुलिस को जानकारी दी गई। सहायक उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह द्वारा अपहृत की मेडिकल जांच करवाने के उपरांत उसके बयान ड्यूटी मजिस्ट्रेट जेएमआईसी सौरभ शर्मा की अदालत में कलमबद्ध करवाए गए।
हाथ पैर बांधकर विभिन्न ठिकानों पर की गई मारपीट : पीड़ित ने बताया कि आरोपियों द्वारा विभिन्न ठिकानों पर उसके हाथ-पांव बांधकर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस द्वारा आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।