अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आबकारी एवं कराधान विभाग में फर्जी कागजात के आधार पर करीब 4 करोड़ 98 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। आयकर विभाग के अधिकारी ने पुलिस में इस संबंध में एक फर्म संचालक के खिलाफ शिकायत दी। जिसमें पुलिस ने फर्म प्रोपराइटर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त (सेल्स टैक्स) शिव कुमार की शिकायत पर पुलिस ने लुधियाना निवासी विजय कुमार वत्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। ईटीओ शिव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विजय कुमार की श्रीराम कैमिकल्स के नाम से फर्म है। जिसमें वह एडीबल एवं नॉन एडीबल ऑयल का कारोबार करता है। उसने वर्ष 2008-09 के विभाग में दिए कागजातों में करीब 1.18 करोड़ रुपये व 3.80 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा किया। इसमें राज्य एवं अंतरराज्यीय सीएसटी क्लेम किया गया है तथा सरकारी राजस्व को घाटा पहुंचाया है। यह बात विभाग की ऑडिट जांच में सामने आई। जिस पर पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस में दी गई शिकायत में विभागीय अधिकारी ने फर्जी दस्तावेज, उनकी जांच की रिपोर्ट के दस्तावेज भी दिए हैं। साथ ही कहा है कि जांच में विभाग की ओर से भी कागजात उपलब्ध करवाएगा। इस मामले की विस्तृत जांच की जाए।
एसपी आस्था मोदी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, विभागीय अधिकारियों ने इस मामले में चुप्पी साध ली है। बार-बार फोन करने के बावजूद भी शिकायतकर्ता अधिकारी शिव कुमार व डीईटीसी एक्साइज एंड टैक्सेशन अंग्रेज सिंह ने फोन नहीं उठाया। जिससे मामले में और अधिक जानकारी नहीं मिल सकी।
नोट : लुधियाना के ध्यानार्थ
फर्जी कागजात के आधार पर 4.98 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी
पुलिस ने दर्ज किया फर्म मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस