सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक के खिलाफ केस दर्ज
कैथल। कलायत के एक गांव में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ एक व्यक्ति ने गाली गलौच की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसडीओ भारत भूषण ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 16 जनवरी को बिल माफी योजना के तहत विभाग के अधिकारी गांव मटौर में खुला दरबार लगाए हुए थे। जिसमें बिजली की किसी भी तरह की समस्या हो उसका निपटारा किया जा रहा था। बिजली की समस्या के निपटान हेतु बीएस रंगा अधीक्षक अभियंता कैथल, भूपेन्द्र सिंह कार्यकारी अभियंता कैथल व भारत भूषण काला उपमंडल अधिकारी कलायत व कर्मचारी कृष्ण सहायक फोरमैन, जगदीप सिंह सहायक लाइनमैन व नीरज सहायक लाइनमैन मौजूद थे। इस दौरान गांव का ही एक व्यक्ति सुनील वहां पर आया और विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गाली गलौच करने लगा व सरकारी कार्य में बाधा डाली। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।