लाइफ ओके पर क्राइम पेट्रोल देखकर बनाई थी भतीजे ने बुआ को लूटने की योजना
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बोढ़ान मोहल्ले में पिछले सप्ताह दिन दहाड़े महिला से लूट का प्रयास करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने महिला के भतीजे को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। भतीजे ने ही इस पूरे षड्यंत्र की प्लानिंग की थी। जिसमें उसने अपने दो सहयोगियों को शामिल किया था। आरोपी ने उसकी बुआ के घर में लूट की योजना लाइफ ओके चैनल पर क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर बनाई थी। उनके कब्जे से एक देशी कट्टा व योजना में प्रयोग की गई गाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस को शुरू से ही महिला के भतीजे पर शक था।
गत 14 नवंबर को बोड़ान मोहल्ले में एक बैंक कर्मचारी के घर में घुसकर दो युवकों ने महिला से मारपीट कर लूट का प्रयास किया था। दो युवक निशा नामक महिला को पिस्तौल दिखाकर अंदर कमरे में ले जाने लगे। महिला के शोर मचाने के कारण आरोपी महिला को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईए-वन को सौंपी गई थी। सीआईए-वन इंस्पेक्टर महाबीर की टीम में सिपाही तरसेम कुमार की टीम ने वारदात क्षेत्र में लगे हुए लगभग 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की। कैमरों की मदद से पता चला कि आरोपी कार में आए थे। गाड़ी के मालिक से पता चला कि गाड़ी टोहाना निवासी संजीव की है। जब संजीव से पता किया तो पता चला कि पीड़ित महिला संजीव कुमार की सगी बुआ है। संजीव ने अपनी बुआ निशा सेे पहले ही 15 लाख रुपये लिए हुए थे। उसका फूफा इस राशि को वापस लौटाने के लिए कह रहा था। वहीं संजीव ने और अधिक पैसे हड़पने के लिए अपने दोस्त गगनदीप व अमनदीप निवासी टोहाना के साथ मिलकर अपनी बुआ को लूटने की योजना बनाई। योजना अनुसार तीनों गाड़ी में आए। गाड़ी तीनों ने सीवन गेट के पास सेंट्रल बैंक के पास खड़ी कर दी। गगनदीप व अमनदीप वहां से पैदल चलकर आए और उन्होंने पिस्तौल के बल पर महिला निशा को घर में लूटने की कोशिश की। उसके शोर मचाने के कारण वह दोनों मौके से भाग गए। आरोपी संजीव कुमार ने बताया कि अगर यह योजना कामयाब हो जाती तो बाद में खुद का अपहरण करवाकर अपनी बुआ से पैसे मंगवाने का काम करते। संजीव ने बताया कि वह उसकी बुआ का बहुत लाडला था और उसकी बुआ उसको आसानी से पैसे दे देती।
आरोपी ने पूछताछ में सीआईए को बताया कि उसने यह योजना लाइफ ओके चैनल पर आने वाले सीरियल क्राइम पेट्रोल देखकर बनाई थी।
इंस्पेक्टर महाबीर सिंह की टीम ने तीनों आरोपियों को टोहाना से धारा 398, 451 व आर्म एक्ट, व 120बी के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल व गाड़ी बरामद कर ली है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
25 से अधिक कैमरों का रिकॉर्ड खंगाला : सीआईए-वन के इंस्पेक्टर महाबीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को चेक किया। जिसमें प्रताप गेट की ओर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की एक गाड़ी खड़ी मिली। जिसमें घटना के बाद दो आरोपियों के पीठ दिखाई दे रहे थी। कपड़ों के रंग से मिलान किया गया। जिसके बाद सीआईए-वन ने ऑल्टो गाड़ी के नंबर को जांच की तो गाड़ी दिल्ली की मिली। इसके बाद सीआईए-वन दिल्ली पहुंची जहां पर वह गाड़ी महिला के भतीजे संजीव की खरीदी हुई मिली। इसके बाद मामले की परतें खुलती गईं तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया।
सीआईए-वन पुलिस ने योजना में शामिल तीन आरोपियों को किया काबू
बोढ़ान मोहल्ले में पिछले सप्ताह दिन दहाड़े महिला से लूट का प्रयास का मामला
फोटो नंबर- 22 व 23