डेरे के महंत पर छेड़छाड़ का आरोप, हंगामा
कैथल। यहां एक डेरे के महंत पर एक नाबालिग द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद डेरे के बाहर खूब हंगामा हुआ। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिस थाने में बुलाया। जहां महंत के समर्थन में शहर भर से लोग पहुंच गए और महंत को किसी ने उम्र का हवाला देते हुए तो किसी ने रंजिशन फंसाने का आरोप लगाया। समाचार लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हुआ था।
नाबालिग दादी के साथ डेरे में पूजा के लिए आई थी, जहां छेड़छाड़ की बात सामने आई। छेड़छाड़ व डेरे के बाहर हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को पुलिस थाने ले जाया गया।
इसी बीच काफी संख्या में शहरवासियों ने महंत का समर्थन किया। लोगों ने महंत की उम्र का हवाला दिया तो कई लोगों ने कहा कि यह डेेरे की जमीन से भी मामला जुड़ा हो सकता है। कुछ दिन पहले विवाद हुआ था उस कारण भी आरोप लगाए जा सकते हैं। पूरे मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
एसएचओ महिला थाना निर्मला देवी ने कहा कि दोनों पक्षों की बातचीत चल रही है। यदि पुलिस के पास लिखित शिकायत आती है तो केस दर्ज किया जाएगा।