वेश्यावृत्ति अड्डे का भंडाफोड़, एक महिला व उसके दो ग्राहक काबू
कैथल। पुलिस ने शहर में चलाए जा रहे एक वेश्यावृत्ति के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। जिसमें महिला व दो युवक काबू किए गए। एसपी वसीम अकरम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में मलकपुर मोहल्ला में रोशनी देवी नामक एक महिला अपने घर में बाहर से लड़कियां बुलाकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाती है, जिससे मोहल्ले के लोग भी परेशान हैं। थाना शहर प्रभारी मनदीप कुमार व महिला थाना इंचार्ज निर्मला देवी के नेतृत्व में एक टीम गठित की। शाम को वहां छापेमार कार्रवाई की गई तो वहां से रोशनी देवी व 2 युवकों सुनील व दर्शन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रोशनी देवी से वेश्यावृत्ति के इकट्ठे किए गए 4300 रुपये भी बरामद किए हैं। दोनों युवक अविवाहित बताए गए हैं। इसके अलावा मौके पर बुलाई गई दो लड़कियां भागने में सफल रही। एक लड़की पिहोवा व दूसरी कुरुक्षेत्र की बताई जा रही है। सिटी एसएचओ मनदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने वेश्यावृत्ति के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।