रेलवे अंडरपास में भरे पानी में डूब रहे दो बच्चों को बचाने के लिए कूदा युवक भी डूबा, तीनों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड (कैथल)। कुरुक्षेत्र-जींद रेल लाइन पर टीक-सोलूमाजरा के बीच बने रेलवे अंडर पास में भरे पानी में डूब रहे दो बच्चों को बचाने गया युवक भी डूब गया। डूबने से तीनों की मौत हो गई। सूचना पर गांव खेड़ी रायवाली में मातम छा गया है। एक बच्चा अपने मामा के यहां गर्मी की छुट्टियां बीताने के लिए आया था। घटना की सूचना मिलते ही लोग घटनास्थल की ओर उमड़ पड़े। तहसीलदार सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
गांव खेड़ी रायवाली का 28 वर्षीय जयप्रकाश अपने भतीजे नवीन (10) व भांजे आकाशदीप (12) के साथ खेतों से जामुन लेकर गांव में आ रहे थे। जब रास्ते में रेल लाइन पर बने अंडरपास के नजदीक से गुजरे तो अचानक दोनों बच्चों का पांव फिसल गया। जिससे बच्चे गहरे पानी में गिर गए। आवाज सुनकर आगे-आगे चल रहे जयप्रकाश ने जब पीछे मुड़कर देखा तो दोनों बच्चे पानी में डूब चुके थे। बच्चों को बचाने के लिए जयप्रकाश ने पानी में छलांग लगा दी लेकिन पानी में दलदल होने के कारण वह उसमें फंस गया और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पास ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने जब पानी में बच्चे को देखा तो एकत्रित हो गए और पानी से तीनों के शव को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घटना की सूचना ढांड पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ढांड थाना प्रभारी सुरेश कुमार व नायब तहसीलदार सुभाष रंगा मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में लग गए।
रेलवे अंडरब्रिज के पास नहीं था कोई रास्ता
अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि रेलवे अंडरब्रिज बन रहा है, तो ठेकेदार को चाहिए की लोगों को निकलने के लिए कोई अलग से रास्ता दे। नीचे से पानी भरने के बाद कोई रास्ता पास से नहीं दिया है। वहां से निकलने के लिए लोगों को दीवारों का सहारा लेना पड़ता है। रास्ता न होने के कारण ही बच्चे मौत का शिकार हुए हैं।
मामा के घर छुट्टियां बिताने आया था आकाशदीप
मृतक 12 वर्षीय आकाशदीप गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए मामा के घर खेड़ी रायवाली में आया हुआ था। उसको क्या पता था कि छुट्टियां समाप्त होने से 1 दिन पहले ही उसकी जीवन लीला समाप्त हो जाएगी। आकाशदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जो सातवीं कक्षा में पढ़ रहा था। मृतक के नाना नानी ने अपने दोहते के लिए तरह-तरह की नई पोशाकें खरीदी हुई थी। जो उसकी मौत के बाद धरी की धरी रह गई। जयप्रकाश भी अपने माता-पिता का अकेला पुत्र था।
इकलौता बेटा था नवीन
मृतक नवीन पुत्र ओमप्रकाश खेड़ी रायवाली 10 वर्षीय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जो छठी कक्षा का छात्र था। नवीन की मौत के साथ ही घर में सन्नाटा पसर गया। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल था। पढ़ाई में नवीन होशियार था।
ढांड थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि रेल लाईन पर बने अंडरपास में डूबने से 2 बच्चों व 1 युवा की मौत हो गई। शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कि लिए कैथल के सरकारी अस्पताल में भेज दिया है।
रेलवे पुलिस के एएसआई चरण सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
करवाई जाएगी जांच : राजकुमार सैनी
कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद राजकुमार सैनी ने कैथल में अंडरपास में गिरने से हुई बच्चों की मौत पर दुख जताया है। सैनी ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता चल सके। उन्होंने दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।