कैथल। थाना ढांड के अंतर्गत एक गांव निवासी युवती ने एक युवक पर जबरन उसकी अश्लील फोटो उतार कर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने कहा कि वह एक जगह नौकरी करती है। कार्यालय में आते जाते उसकी गुरमीत पुत्र ओमप्रकाश निवासी बंदराणा के साथ जान पहचान हो गई। जान पहचान का फायदा उठाकर एक दिन आरोपी गुरमीत ने जबरन उसकी अश्लील फोटो खींच ली। उसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा कि या तो वह उसके साथ शारीरिक संबंध बना ले वरना उसकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया तथा उसके मंगेतर के मोबाइल पर डाल देगा। इस दौरान पीड़िता की शादी की तारीख तय हो गई। 11 मई को पीड़िता के परिजन शहर में शादी की तैयारियों के सिलसिले में सामान खरीदने के लिए गए हुए थे। पीड़िता के घर पर अकेली होने का फायदा उठाते हुए आरोपी दिन के समय उसके घर पहुंच गया और पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। लेकिन पीड़िता ने इस बात का विरोध किया तो उसने धमकी दी की या तो उसके साथ शारीरिक संबंध बना ले वरना अंजाम भुगतने को तैयार रहे। पीड़िता द्वारा आरोपी के साथ शारीरिक संबंध न बनाए जाने पर आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया तथा पीड़िता के मंगेतर के मोबाइल पर वायरल कर दी। जिससे उसका रिश्ता टूट गया और समाज में उसकी तथा उसके परिजनों की बदनामी हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व आईटी एक्ट के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।