ट्राला की चपेट में मोटर साइकिल चालक आने से व्यक्ति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर नहर पुल के नजदीक ट्राला व मोटरसाइकिल की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर तितरम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में भिजवाया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। तितरम थाना से एएसआई धर्मपाल ने बताया कि कैलरम गांव निवासी 50 वर्षीय कर्मबीर कैथल किसी काम के लिए आया था। जब वह काम निपटाने के बाद वापस गांव जा रहा था तो ट्राला के साथ टक्कर हो गई। सिर पर गहरी चोट होने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। शिनाख्त होने पर मृतक के परिजनों को बुलाया गया। पुलिस ने मृतकों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।