सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने अस्पताल में तोड़ा दम
कैथल। राजौंद के पास हुए सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति ने शुक्रवार को कैथल के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। राजौंद के वार्ड नबर 9 निवासी रमेश कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। 14 जनवरी को उसका भाई राजेंद्र हमारे घर से अपनी साइकिल से जमींदार अमन के खेत की रखवाली के लिए घर से निकला था। इसके बाद किसी ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई राजेंद्र को कैथल रोड के पास किसी अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी और मौके से भाग गया। उसके भाई की नाजुक हालत को देखते हुए सरकारी अस्पताल कैथल ले गए। कैथल अस्पताल से भी उसके भाई को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जहां से उसके भाई का इलाज कर 21 जनवरी को वापस सरकारी अस्पताल कैथल भेज दिया। लेकिन 25 जनवरी की रात को इलाज के दौरान उसके भाई ने दम तोड़ दिया। हेड कांस्टेबल करनैल सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।