महिला को नौकरी का झांसा देकर भगा ले जाने वाला आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। महिला को नौकरी का झांसा देकर घर से बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को आंध्रप्रदेश लेकर फरार हो गया था। महिला ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट में बयान देते हुए नौकरी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में आठ अगस्त को शहर की एक कालोनी के एक व्यक्ति ने उसकी पत्नी का घर से भगाने का आरोप लगाया था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान प्रदीप के रूप में हुई है। सिविल लाइन थाना एसएचओ सुभाष श्योकंद ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।