संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस लाइन में वीरवार को हुई क्राइम मीटिंग में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और अपराध नियंत्रण पर पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जोर दिया।
एसपी ने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य अपराधियों को पकड़कर आमजन को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले परिवादियों के साथ मधुर व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर न्याय दिलाने का कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को हर हाल में लागू करें। गंभीर और जघन्य अपराधों की जांच में तेजी और समयबद्ध कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में डीएसपी बीर भान,
गुरविंद्र सिंह, सुशील प्रकाश, रोहताश, रमेश चंद्र, रमेश गुलिया सहित सभी थाना प्रबंधक और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि बैठक में उद्घोषित अपराधियों, बेल जम्परों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा उनकी संपत्तियों की कुर्की करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि गंभीर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, गिरफ्तारी दर में वृद्धि, नशा एवं साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए एसपी ने नशा मुक्त गांवों और वार्डों में नशा करने वालों की पहचान कर उनकी लत छुड़वाने, नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।