कैथल। रोडवेज की कैथल डिपो की बस में सफाई करते समय चालक को एक देशी पिस्तौल सीट के नीचे पड़ा दिखाई दिया। चालक ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बस में अवैध देशी पिस्तौल रखने पर केस दर्ज किया है। हरियाणा रोडवेज कैथल डिपो के बस चालक राजिंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि 26 दिसंबर को वह बस स्टैंड पर बस में सफाई का कार्य कर रहा था। उस समय बस की एक सीट के नीचे एक अवैध देशी पिस्तौल पड़ा दिखाई दिया। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात आरोपी ने बस में यह देशी पिस्तौल रखा है। पुलिस ने केस दर्ज कर एचसी भानसिंह को मामले की जांच सौंपी है। पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है।