यमुनानगर निवासी एक युवती के साथ कैथल जेल में तैनात हेडकांस्टेबल द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। यमूनानगर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज करके कैथल भेजी है।
पुलिस को दी शिकायत में करीब 25 वर्षीय युवती ने बताया कि उसका भानजा हत्या के आरोप में वर्ष 2018 में जगाधरी जेल में बंद था। वह अपने भांजे से मिलने के लिए कई बार परिवार के सदस्यों के साथ व कई बार अकेले मिलने जाती थी। जेल में जब वह अपने भानजे से मिलने के लिए गई हुई थी तो किसी काम से बलजीत धीमान भी जेल में गया हुआ था। वहां उसने उससे बातचीत की और उसकी सहायता करने की बात करते हुए उसका नंबर ले लिया। इसके बाद एक दिन बलजीत ने उसे फोन किया और किसी अधिकारी से मिलने के बहाने उसे ढांड बुला लिया। जहां एक होटल में ले जाकर उसे नशीला पदार्थ पिला कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह अविवाहित है। उसके साथ विवाह कर लेगा। लेकिन उसके द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली और कहा कि अगर किसी को बताया तो वह वीडियो को इंटरनेट पर अपलोड कर देगा। इसके बाद भी आरोपी उसे कई बार कुरुक्षेत्र बुलाता और होटल में ले जाकर रेप करता रहा। जब भी वह विरोध करती तो आरोपी उसे धमकी देता था कि वह उसे जान से मार देगा। इस दौरान कई बार आरोपी ने उसे जातिसूचक शब्द भी बोले। जांच अधिकारी एएसआई मनीता देवी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।