गांव करोड़ा में ट्रक में सो रहे युवक पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। साथ ही जातिसूचक शब्द कहते हुए अपमानित किया। घायल युवक का पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में करोड़ा निवासी युवक ने बताया कि उसका भाई सुपरीन आटो करियर प्राईवेट लिमिटेड कपनी गुड़गांव में कार लोडिंग ट्राले पर ड्राइवर की प्राईवेट नौकरी करता है। वह ट्राला लेकर गाव में आया था। रात को बस स्टैंड करोड़ा पर ट्राला खड़ा कर दिया। जिसमें वह निगरानी के लिए ट्राले में ही सो रहा था। रात को करीब साढ़े नौ बजे 4 युवक आए और आते ही उन्होंने नशे की हालत में उसे खिड़की खोलने को कहा तो उसने उनकी धमकी के डर से खिड़की खोल दी। इसके बाद युवकों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और फरार हो गए। इसके बाद उसके भाई ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर घायल करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।