सीवन में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद गुस्साए पति ने पत्नी के पेट में लात मार दी। इससे महिला के पेट में गंभीर चोट लग गई और उसने पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सीवन थाना के एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि थाना सीवन में गुरचरण सिंह निवासी पिहोवा ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रजविंदर कौर की शादी वर्ष, 2003 में लखविंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी डेरा अवतार सिंह सीवन के साथ हुई थी। दो दिन पहले दो मार्च को रजविंदर कौर की माता ज्ञान कौर भी सीवन आ गई थी। लखविंदर सिंह का साला सोनू प्याज की नर्सरी लेकर आया था जो उसने अपने जीजा को दे दी।
इसे लेकर रजविंदर कौर और लखविंदर सिंह दोनों में कहासुनी हो गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि लखविंदर सिंह ने गुस्से में रजविंदर कौर के पेट में लात दे मारी, जिससे वह दर्द से चिल्लाने लगी। बाद में यह दर्द इतना बढ़ गया कि उसे कैथल के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखकर उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया, मगर जख्मों का ताब न सहते हुए उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इन पर केस
सीवन पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका रजविंदर कौर अपने पीछे दो बच्चे नौ साल का लड़का व सात साल की लड़की छोड़ गई है। सीवन पुलिस ने गुरचरण सिंह की शिकायत पर रजविंदर कौर के पति लखविंदर सिंह, ससुर अवतार सिंह, सास मनजीत कौर, ननद रमन कौर व देवर काकू के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।