संवाद न्यूज़ एजेंसी
कलायत। कलायत नगर पालिका के वार्ड-2 में चल रहे गली निर्माण कार्य को लेकर निर्माण एजेंसी पर गंभीर अनियमितताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। वार्ड के निवासी ब्रह्मपाल राणा, सतबीर मूर्ति और अन्य ने बताया कि गली निर्माण में तय मानदंडों का खुला उल्लंघन हो रहा है।
निवासियों का आरोप है कि पेवर ब्लॉक लगाने के लिए सीमेंट और मानक सामग्री के बजाय केवल रेत और मिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी पूरी तरह मनमानी कर रही है। गली को बेढंग तरीके से अत्यधिक ऊंचा बना दिया गया है, जिससे आसपास के कई मकानों में दरारें आ गई हैं।
ब्रह्मपाल राणा ने कहा कि उनके 7 वर्ष पुराने मकान में भी एजेंसी की लापरवाही के कारण दरारें पड़ गई हैं।
वार्ड निवासियों ने समस्या के समाधान के लिए स्थानीय प्रशासन और
सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने और उच्च गुणवत्ता के साथ गली निर्माण पूरा करवाने की मांग की है।
इस मामले पर नगर पालिका सचिव पवन शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शनिवार को गली का मौका निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गली का निर्माण पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।