संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तितरम थाना के तहत आने वाले एक गांव में रिश्ते में चचेरे भाई ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले तो 21 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया, बाद में उसकी हत्या कर दी। युवती का शव नरवाना ब्रांच नहर नरवाना से बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, युवती का अपहरण तीन अगस्त को हुआ था। इस संबंध में तितरम थाना में आरोपी व तीन अन्य के खिलाफ उसी समय केस भी दर्ज किया गया था। अब युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या संबंधित धाराओं को मामले में जोड़कर कार्रवाई शुरू की है। डीएसपी की देखरेख में सीआईए सहित तीन अन्य टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
युवती के भाई की शिकायत के अनुसार, तीन अगस्त को उसकी बहन गांव में ही एक दुकान पर कपड़ा लेने के लिए गई थी। वहां से उसके चाचा के लड़के ने अपने भाई, बहन और जीजा के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। बाद में उसे अज्ञात जगह ले गया और उसकी हत्या कर दी। किसी को पता न चले इसलिए शव को नहर में फेंक दिया। वहीं परिजनों ने यह भी अंदेशा जताया है कि युवती की हत्या दुष्कर्म के बाद की गई है।
तितरम थाना एसएचओ सुनीता ने बताया कि तीन अगस्त को इस संबंध में पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया था। उन्हें नहर में युवती का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई तो शव को कैथल अस्पताल में ले आए। शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया गया। मामले में आरोपी युवक, उसके भाई, बहन व जीजा के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़कर केस दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। इस पर डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम भी करवाया गया है। रिपोर्ट आने पर अन्य धाराएं जोड़कर कार्रवाई की जाएगी। मामले में अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। डीएसपी की देखरेख में सीआईए सहित तीन अन्य टीमें मामले की जांच कर रही हैं।