संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच अब सियासी पारा लगातार बढ़ने लगा है। ऐसे में अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। कैथल से जजपा नेता व जजपा के लोकसभा प्रत्याशी पाला राम सैनी ने सोमवार को सुबह के समय सैनी समाज के पार्षदों के उनका समर्थन करने का दावा किया, लेकिन इसके तुरंत बाद दोपहर के समय जिन पार्षदों के पाला ने उनका समर्थन करने की बात कही।
नाराज पार्षदों ने जवाब में भाजपा के कार्यकर्ता होने की बात कही। वहीं, एक पार्षद ने तो जवाब में पार्षदों ने समाज के एक कार्यक्रम में मिली 21 लाख रुपये की ग्रांट ही हड़पने का आरोप लगा दिया। घटनाक्रम के अनुसार सुबह के समय एक निजी होटल में प्रेसवार्ता कर जजपा प्रत्याशी पालाराम सैनी ने दावा किया कि सैनी समाज के शहर के पांच पार्षद उनके साथ हैं और वे उनका समर्थन करेंगे।
इसके बाद दोपहर के समय सैनी समाज के नगर पार्षद लीलू सैनी, राज सैनी, रामफल, निरंजन व रिंकू ने भी एक संयुक्त प्रेसवार्ता कर दी। इस पर पांचों पार्षदों ने पाला राम को उनका समर्थन होने की बात को नकारा और बताया कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं और मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा के साथ हैं और इस चुनाव में भाजपा को जिताने का कार्य करेंगे।
वहीं, पार्षद राज सैनी ने आरोप लगा कहा कि गठबंधन सरकार के समय शहर में आयोजित हुए समाज के एक कार्यक्रम में पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। यह रुपये आ भी गए, लेकिन समाज को नहीं मिले। आरोप लगाया कि इसे जजपा नेता ने अपने निजी कार्याें में लगाया।