कलायत। नगर पालिका कार्यालय में निजी एजेंसी के माध्यम से संचालित आधार कार्ड केंद्र में बच्चों के साथ आईडी अपडेट के नाम पर प्रत्येक आवेदक से 100 रुपये फीस वसूले जा रही है। इस पर नागरिकों के हितों की पैरवी के लिए पार्षदों ने शुक्रवार को नगर पालिका सचिव पवन शर्मा को शिकायत दी। इसमें केंद्र के माध्यम से नागरिकों को सुविधाओंं की बजाय परेशानी खड़े करने के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि न तो केंद्र में कर्मियों के आने-जाने का कोई समय निर्धारित है और न ही व्यवहार बेहतर है। बार-बार चक्कर लगाने पर भी नागरिकों की बात को अनसुना किया जाता है। इसके चलते अकसर लोग उप मंडल मुख्यालय परिसर में स्थित आधार केंद्र में लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
इतना ही नहीं नन्हे-मुुन्ने बच्चों के साथ आईडी अपडेट के नाम पर ठगी की जा रही है। आधार पंजीकरण के लिए निर्धारित नियमों को एक तरफ रखते हुए निशुल्क सेवाओंं की बजाय प्रत्येक आवेदक से 100 से 200 रुपये फीस वसूली जा रही है। इस मायने से प्रतिदिन बड़ा चूना आवेदकोंं को लगाया जा रहा है। इससे सरकार की छवि खराब हो रही है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण भारत सरकार नियम अनुसार पांच से सात वर्ष और 15 से 17 तक की आयु के बच्चों का क्रमश दो बार बायो मैट्रिक आधार निशुल्क अपडेट करने के आदेश हैं। इसी प्रकार अन्य आयु वर्ग के लिए 100 रुपये फीस का प्रावधान है। बावजूद इसके वसूली जारी है। संवाद