संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के रामनगर में बंद किए गए फाटक की समस्या के संदर्भ में अमर उजाला की तरफ से शुरू किए गए अभियान के बाद नगर परिषद ने समस्या के समाधान के लिए संज्ञान लिया है। इसके तहत अब फाटक को खोल यहां पर रास्ता बनाने के लिए नगर परिषद फिर से सरकार को पत्र लिखेगी।
इसमें फाटक पर अंडरपास बनाने की रेलवे की व्यावहारिक रिपोर्ट का हवाला दिया जाएगा। यदि सरकार इस पर कुछ संज्ञान लेती है तो यहां पर रास्ता बनाने को लेकर कुछ बात बन सकती है।
गौरतलब है कि इस फाटक पर रेलवे अंडरपास बनाने के लिए सांसद नायब सैनी व विधायक लीला राम भी रेलवे से मांग कर चुके हैं। इसके बाद ही रेलवे ने यहां पर सर्वे कर अंडरपास बनाने के लिए रूपरेखा बनाई थी परंतु यह रुपरेखा बनने के बावजूद इसके निर्माण पर कोई बात नहीं बन पाई है। अब फिर से नगर परिषद इसके निर्माण को लेकर प्रयास करेगी।
राज्य सरकार को देना है बजट :- रेलवे की तरफ से व्यावहारिक रिपोर्ट देने के बाद इस फाटक पर अंडरपास बनाने के लिए नगर परिषद के माध्यम से राज्य सरकार से बजट की मांग की गई थी। अब राज्य सरकार की तरफ से अंडरपास की निर्माण की दिशा में कार्य करना है। यदि राज्य सरकार ने बजट दिया तो इस पर कुछ बात बन सकती है। इस बजट की मांग पर ही अब फिर से नगर परिषद के अधिकारी राज्य सरकार से पत्राचार करेंगे।
इस मामले में पहले ही राज्य सरकार से बजट की मांग की गई है। अब फिर से इस बजट की मांग पर राज्य सरकार के आला अधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। इसके लिए अब स्थानीय स्तर पर भी अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। -रवि ओबरॉय, एक्सईएन, नगर परिषद