संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पटियाला रोड के पास बुधवार को वार्ड नंबर-6 की गली के निर्माण कार्य के दौरान मकानों के बाहर बनाए रैंप को हटाने के लिए पहुंची नगर परिषद की टीम का लोगों ने विरोध कर दिया। इसके बाद अधिकारियों को जेसीबी के साथ वापस ही लौटना पड़ा। हालांकि कई लोगों के रैंप इस दौरान तोड़ भी दिए गए।
नाराज लोगों का कहना था कि यह रैंप अकेले इस गली में ही नहीं, बल्कि शहर की अधिकतर गलियों में बने हैं, पहले उन गलियों से रैंप हटाए जाए, इसके बाद ही वे गली का निर्माण होने देंगे।
गौरतलब है कि यह गली एक पूर्व मंत्री के निवास को जाती है। गली के टूटने के चलते इसका निर्माण कार्य शुरू किया है, लेकिन मकानों के बाहर बनाए गए रैंप इसके आड़े आ रहे थे। इन रैंप को तोड़ने के लिए नगर परिषद ने लोगो को नोटिस भी जारी किए, लेकिन इसके बावजूद रैंप नहीं हटाए।
नगर परिषद की टीम कार्यकारी अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए रवि ओबराय की अध्यक्षता में मौके पर पहुंची। जैसे ही रैंप हटाने की कार्रवाई शुरू की गई तो लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
वार्ड नंबर छह से पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने बताया कि इस अकेली गली में ही नहीं बल्कि शहर की अन्य कालोनियों की गलियों में भी रैंप बनाए गए हैं। इन रैंप को भी हटाया जाना चाहिए। जब वहां से रैंप हटा जाएंगे तो इस गली से भी रैंप हटा दिए जाएंगे।