जिले में कोरोना संक्रमित दो व्यक्तियों की रविवार को मौत हो गई। विभाग ने नियमानुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं 17 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें एक लेक्चरर व साइकिल दुकान संचालक शामिल है।
मरने वालों में एक गांव ट्योंठा से 57 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। जो खेती बाड़ी करता था। उसे राधाकृष्ण अस्पताल कुरुक्षेत्र में दाखिल करवाया गया था।। उसे बीपी, शुगर की बीमारी थी। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
इसी प्रकार से दूसरे संक्रमित व्यक्ति की प्रताप गेट से मौत हुई है। 58 वर्षीय यह कपड़ा व्यापारी कोरोना संक्रमित था। उसे अग्रोहा के एमएएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां उसकी रविवार सुबह मौत हो गई।
इसके अलावा रविवार को कोरोना के 17 नए मामले सामने आए। जिसमें ढांड, चुहड़माजरा, कौल, खुराना रोड, डोगरा गेट, जीटीबीकालोनी, बलराज नगर, थेह बुटाना, कसान, राजौंद, सुभाष नगर, पाबला व पिसौल से नए मामले सामने आए हैं। जिसमें एक लेक्चरर, एक साइकिल की दुकान संचालक भी शामिल हैं।
सीएमओ डा. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में कुल 2356 मामले संक्रमित पाए जा चुके हैं। जिसमें से 371 एक्टिव केस हैं। 1945 रिकवर हो चुके हैं। रविवार को 40 रिकवर हुए हैं। जिले से 40 संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है।