फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना-डरने की नहीं जागरुकता की जरुरत....

विज्ञापन
विज्ञापन
आज चारों ओर कोरोना का शोर है। जिससे कहीं न कहीं लोगों में सामान्य खांसी व बुखार होने पर भी कोरोना की शंका हो जाती है। लेकिन इसमें डरने की नहीं बल्कि जागरूकता की जरूरत है। सावधानी रखें और बीमारी से बचाव रखें। इस समय खांसी बुखार मौसम में सामान्य परिवर्तन के कारण भी हो रहे हैं। ऐसे में ज्यादा परेशानी हो तो डॉक्टरों से सलाह लें। अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस बीमारी से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध भी किए जा रहे हैं। वहीं अब कोचिंग सेंटरों व आईटीआई सहित सभी निजी स्कूलों की भी छुट्टी कर दी गई है। डॉक्टरों का कहना कि लोगों में इस समय सामान्य खांसी या जुकाम होने पर भी कोरोना का भय बन रहा है, जबकि वास्तविकता से लोग परिचित नहीं हैं। खांसी या जुकाम का इलाज तो सामान्य ही है। अगर विशेष एहतियात बरती जाएं तो कोरोना फैलना तो दूर की बात बल्कि इसके बारे में सुनने को भी कम मिलेगा।
विज्ञापन

कोरोना में पहले होता है बुखार बाद में खांसी व सांस लेने में दिक्कत: डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य खांसी या जुकाम की बजाय कोरोना के लक्षण भी इनसे थोड़े अलग हैं। कोरोना वायरस की चपेट में अगर कोई व्यक्ति आता है तो उसे सबसे पहले बुखार होता है। उसके बाद खांसी या जुकाम होते हैं। बाद में सांस लेने में दिक्कत आती है। अगर ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवानी चाहिए। इसके विपरित सामान्य खांसी में बुखार नहीं होता और न ही सांस लेने में तकलीफ व घुटन होती है। इसलिए खांसी होने पर डरने की कोई जरुरत नहीं है।
अस्पताल में सभी प्रबंध हैं पूरे : जिला नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए अस्पताल में सभी प्रबंध पूरे हैं। हालांकि कोरोना से पॉजिटिव एक भी व्यक्ति अभी अस्पताल में नहीं आया है, लेकिन फिर भी इससे बचाव के लिए तैयारियां पूरी की गई हैं। अभी तक एक व्यक्ति ही कैथल में जांच के लिए आया है, क्योंकि वह भी बाहर से आया था। इसलिए उसके सैंपल व अन्य रिपोर्ट जांच के लिए रोहतक भेजी गई है। अस्पताल में मास्क और सेनेटाइजर की व्यवस्था है। कोरोना पीड़ितों के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सामान्य व्यक्ति को मास्क या सेनेटाइजर की कोई जरूरत नहीं है। जिले के नागरिक अफवाहों से बचें। लक्षण दिखाई देने वाले व्यक्ति तुरंत अस्पताल में पहुंचकर जांच करवाएं।
विज्ञापन

पूरी तरह से सेनेटाइज है वार्ड : शहर के निजी शाह अस्पताल के संचालक डॉ. एमएस शाह ने बताया कि सावधानियां बरतकर कोरोना वायरस से बचाव हो सकता है। लोग भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। हाथों को साबुन और सेनेटाइजर के साथ धोएं। खांसते या छींकते समय मुंह को रुमाल या फिर हाथ से ढक लें और बाद में हाथ धो लें। यही सबसे अच्छा और सामान्य बचाव का उपाय है। उन्होंने बताया कि शाह अस्पताल में भी जिला नागरिक अस्पताल से टाइअप करके कोरोना आइसोलेशन वार्ड अलग से बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वार्ड को पूरी तरह से सेनेटाइज किया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर इसका तुरंत प्रयोग किया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें