जिले में कोरोना संक्रमण हर रोज गंभीर रूप ले रहा है। बीते एक सप्ताह में जिले में कोरोना संक्रमित 26 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के बाद मरने वालों की संख्या में रोजाना तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को फिर जिले में पांच कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि 207 नए संक्रमित केस पाए गए। इस समय जिले में 904 एक्टिव केस हैं। अब तक 116 संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को संक्रमित चार महिलाओं व एक पुरुष की मौत हुई। इनमें पूंडरी निवासी 52 वर्षीय महिला, जाटान मोहल्ला कैथल निवासी 36 वर्षीय महिला, गांव तारांवाली निवासी 60 वर्षीय महिला, राजौंद निवासी 77 वर्षीय महिला और कलायत निवासी 70 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। पांचों लोग कोरोना संक्रमित होने के साथ-साथ निमोनिया व अन्य बीमारियों से भी पीड़ित बताए गए हैं। इनमें से कलायत निवासी संक्रमित व्यक्ति को कल्पना चावला अस्पताल करनाल में आइसोलेट किया गया था। जबकि अन्य सभी को जिला नागरिक अस्पताल में आइसोलेट किया गया था।
235 व्यक्ति ठीक हुए-कोरोना की शुरुआत से लेकर अब तक जिले में 7582 संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। इनमें से 6562 व्यक्ति ठीक भी हो चुके हैं। शनिवार को भी 235 व्यक्ति ठीक हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमितों में से 779 व्यक्तियों को होम आइसोलेट किया गया है। 68 व्यक्ति इस समय जिला नागरिक अस्पताल में व 57 व्यक्ति अन्य अस्पतालों में आइसोलेट किए गए हैं।
डीसी सुजान सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा संक्रमण रोकने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। अभी तक लिए गए 2 लाख 3 हजार 243 में से 2 लाख 572 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। होम आइसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों की निरंतर निगरानी हो रही है।
जिले में कुल 34 कोविड केयर सेंटर हैं, जिनमें 1410 बेडों की व्यवस्था की गई है। सरकारी व निजी अस्पतालों में कुल 296 ऑक्सीजन बेड, 26 आईसीयू बेड व 17 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं।