स्थापना दिवस समारोह में प्रदेशभर से आए समाज के लोगों को प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हम कोई अस्पताल या अन्य संस्थान नहीं चलाना चाहते बल्कि नेता बनाने की फैक्ट्री चलाना चाहते हैं, इसी उद्देश्य को अपना ध्येय मानकर 2009 में जब हमने पंच संकल्पों के साथ यात्रा शुरू की थी, तब न संसाधन थे न कोई बड़ा संगठनात्मक ढांचा। परंतु आज जब हम 17 वर्षों की यात्रा को पीछे मुड़कर देखते हैं, तो हमें गर्व होता है कि हमारे पंच संकल्प केवल विचार नहीं रहे, वे जमीन पर उतरे हैं। ये बात अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने अग्रवाल वैश्य समाज के 17वें स्थापना दिवस समारोह में प्रदेशभर से आए समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज की सफलता की नींव त्याग, सहयोग और संगठन पर आधारित है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी समाज का विकास तभी तेज होता है जब वह राजनीतिक शक्ति का हिस्सा बनता है।
स्थापना दिवस समारोह में मुख्यत: महाराजा अग्रसेन मार्ग के नाम से विख्यात राष्ट्रीय राजमार्ग 9, जो दिल्ली से अग्रोहा होते हुए फाजिल्का (पंजाब) जाता है, इसके आरंभिक स्थान बहादुरगढ़ में गेटवे ऑफ हरियाणा पर महाराजा अग्रसेन के नाम से विशाल गेट निर्माण करवाने, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में महाराजा अग्रसेन के नाम पर 19 फरवरी, 2022 को महाराजा अग्रसेन शोधपीठ की स्थापना की गई थी, परंतु सरकार की ओर से इस पीठ के संचालन के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध न करवाए जाने के कारण महाराजा अग्रसेन के जीवन प्रसंगों पर आवश्यक शोध कार्य बाधित है। इसके सक्रिय संचालन के लिए सरकार से सात करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव रखा।
इसके अलावा रेवाड़ी के श्री बालमुकुन्द गुप्त, भिवानी के श्री बनारसी दास गुप्त, पानीपत के श्री देशबंधु गुप्त, करनाल के श्री मूलचंद जैन, हिसार के श्री हुकुमचंद जैन जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान ऐतिहासिक है। इन सभी महापुरुषों की स्मृतियों को सुरक्षित रखने के लिए इनकी कर्मभूमि पर इनके नाम से मुख्यमार्ग बनवाने तथा पंजाब के संगरूर जिले के भवानीगढ़ से हरियाणा की सीमा ब्राह्मणवाला तक आने वाला महाराजा अग्रसेन राजमार्ग यदि ब्राह्मणवाला से रतिया होते हुए फतेहाबाद तक बन जाएगा तो यह सीधे अग्रोहा से जुड़ जाएगा, जिसकी कुल दूरी 34 किलोमीटर है। इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव रखे गए।
उल्लेखनीय योगदान देने वालों का सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में संगठनात्मक सुदृढ़ता और उत्कृष्ठ कार्यों से उल्लेखनीय योगदान देने वाले पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इन पदाधिकारियों में मुख्य इकाई से भिवानी विधानसभा के निवर्तमान अध्यक्ष ललित मित्तल व अंबाला विधानसभा अध्यक्ष आयुष गुप्ता, महिला विंग से रोहतक जिलाध्यक्ष बृजबाला गुप्ता व पलवल जिलाध्यक्ष रीना अग्रवाल को तथा युवा विंग से सिरसा लोकसभा अध्यक्ष पार्षद निखिल बंसल तथा महेन्द्रगढ़ जिलाध्यक्ष चिराग अग्रवाल को सम्मानित किया गया। संगठन की गतिविधियों को मजबूत बनाने तथा समाज को संगठित रखने में इन पदाधिकारियों का योगदान अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक रहा है। उनकी प्रतिबद्धता, कार्य कौशल और समर्पण भाव को देखते हुए समाज ने उन्हें स्थापना दिवस समारोह के मंच पर सम्मानित किया गया।