ंकलायत में एक युवक का ड्राइविंग लाइसेंस पास नहीं करने पर एसडीएम से भाजपा नेता एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष भिड़ गए। एसडीएम से मंडल अध्यक्ष ने दुर्व्यवहार करने के साथ साथ जान से मारने की धमकी भी दी। जिसकी एसडीएम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरी ओर महीपाल राणा ने एसडीएम पर उन्हें धक्के मारने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला मंगलवार का है। कलायत एसडीएम रिगन कुमार की ओर से पुलिस में दी शिकायत के मुताबिक महीपाल राणा ने कर्ण सिंह निवासी गांव दुमाड़ा नामक व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस पास करने के लिए कार्यालय में बदतमीजी और गाली गलौच की। आरोप है कि एसडीएम पर बिना व्हीकल चलाए ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का दबाव बनाया था। जबकि कर्ण सिंह के पास कोई व्हीकल नहीं था। महीपाल राणा के साथ एक अन्य व्यक्ति था। इस पर पुलिस ने महीपाल राणा सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
कलायत थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि एसडीएम कलायत की शिकायत पर महीपाल राणा व एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर कलायत भाजपा मंडल अध्यक्ष महीपाल राणा ने कहा कि मैंने एसडीएम के साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया। बल्कि एसडीएम ने ही अभद्र व्यवहार करते हुए धक्के मारे। मैंने केवल नियम अनुसार युवक का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का आग्रह किया था। इस बारे में महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा और प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अवगत करा दिया है।