राजौंद। राजौंद से असंध आने-जाने वाले लोगों को जल्द ही सड़क की बदहाल स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही राजौंद-असंध सड़क का काम शनिवार को शुरू हो गया। पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सड़क का निर्माण 20 से 22 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके साथ ही मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। कमलेश ढांडा ने कहा कि राजौंद-असंध रोड शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही थी। सड़क तैयार होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। स्ट्रीट लाइटें लगने से रात के समय भी इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को सहूलियत होगी। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राजौंद क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। राजौंद में पशु अस्पताल सहित अन्य विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं, जिनका लाभ शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।