संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चौधरी छोटूराम इंडोर स्टेडियम में बॉक्सिंग खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास की सुविधा देने के लिए बनाए जा रहे हॉल का निर्माण एक महीने से बंद पड़ा है। निर्माण कार्य में खामियां मिलने के बाद पंचायती राज विभाग ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया था, लेकिन इसके बाद से काम आगे नहीं बढ़ पाया। इसका खामियाजा खिलाड़ियों को भुगतना पड़ रहा है।
नए हॉल के अभाव में खिलाड़ी स्टेडियम के बेसमेंट में बनी दो बॉक्सिंग रिंग में ही अभ्यास करने को मजबूर हैं। यहां जगह कम होने के कारण एक साथ अधिक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में परेशानी आ रही है। ऐसे में खिलाड़ियों को नए बॉक्सिंग हॉल के तैयार होने का इंतजार है। बॉक्सिंग हॉल का निर्माण पंचायती राज विभाग की ओर से 23.62 लाख रुपये की अनुमानित लागत से करवाया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने टेंडर जारी किया था।
अगस्त महीने के अंत में ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन करीब एक महीने बाद ही काम रोक दिया गया। निर्माणाधीन साइट के निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर विभाग ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया और टेंडर की शर्तों के अनुसार काम करने के निर्देश दिए। इसके बाद से निर्माण कार्य बंद है।
बेसमेंट में जगह कम, अभ्यास में आ रही परेशानी
बॉक्सिंग कोच अमरजीत ने बताया कि फिलहाल स्टेडियम के बेसमेंट में दो बॉक्सिंग रिंग लगाकर खिलाड़ियों को अभ्यास करवाया जा रहा है। जगह सीमित होने के कारण एक साथ अधिक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना मुश्किल होता है। बड़े खिलाड़ियों को भी अपनी तकनीक और फुटवर्क पर काम करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। बॉक्सिंग में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास के साथ पर्याप्त जगह और उचित माहौल जरूरी है। नया हॉल बनने से खिलाड़ियों को व्यवस्थित तरीके से अभ्यास करने की सुविधा मिलेगी।
-
एक-दो दिन में काम शुरू करवाने का प्रयास
पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अधिकारी अंकुर गर्ग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में खामियां पाई गई थीं। इस पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है और लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नियमानुसार एक-दो दिन में निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, खेल अधिकारी राजरानी ने बताया कि निर्माण कार्य बंद होने के संबंध में अधिकारियों से बातचीत की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।