संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर के वार्ड नंबर-1 में लंबे समय से लंबित गलियों के निर्माण कार्य को मुख्यमंत्री नायब सैनी से की गई मांग और पार्षद रेनू धानियां की सक्रियता के चलते आखिरकार शुरू कर दिया गया है। विशेष रूप से फकीर पीर कॉलोनी में अधूरे पड़े कार्य अब तेजी पकड़ चुके हैं।
निर्माण कार्य में रिटेनिंग वॉल की ऊंचाई बढ़ाई गई है, साथ ही रोड़ा लेयर की मोटाई में भी सुधार किया गया है, जिससे गली अधिक टिकाऊ और सुरक्षित बन सकेगी। कार्य की गुणवत्ता की निगरानी के लिए नगर पालिका अभियंता राजेश प्रजापति स्वयं नियमित निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी तकनीकी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद रेनू धानियां ने बताया कि अधूरे निर्माण कार्यों के कारण बच्चों को स्कूल जाते समय काफी जोखिम उठाना पड़ रहा था। हाल ही में जब मुख्यमंत्री कैथल दौरे पर आए, तो उनके समक्ष इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया था। मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का बजट जारी करने के बावजूद कार्य में देरी को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
शहर के करीब एक दर्जन पार्षदों ने भी इस मामले में सामूहिक रूप से सक्रियता दिखाई, जिसके चलते मामला अधिकारियों तक पहुंचा और कार्रवाई शुरू हुई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्याओं का अब समाधान होता दिख रहा है। खासकर जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्षद रेनू धानियां, उषा रानी, निशा राणा, प्रीत जगदेव, प्रदीप राणा, महीपाल पंवार, संजय सिंगला, विनोद जेष्ठ, रवींद्र निर्मल, संजय धीमान आदि ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जारी बजट के तहत यदि अधिकारी टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज़ी से आगे बढ़ाएं तो शहर को पहचान देने में देर नहीं लगेगी।